
- साइट बोर्ड न होने से पारदर्शिता पर सवाल
- इंटरलॉकिंग और ड्रेनेज व्यवस्था का अभाव, बारिश में क्षति का खतरा
- ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी
अंबेडकरनगर। विकासखंड कटहरी के ग्राम पंचायत खेंवर अंतर्गत ग्राम सभा मानापारा में चल रहे खड़ंजा निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आशाराम के घर से अंकित डॉक्टर के घर तक बन रहे खड़ंजे में न तो गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है और न ही सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन।
स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जाहिर की है। मीडिया टीम द्वारा किए गए स्थल निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी हो रही है।
पक्की ईंटों के स्थान पर घटिया सामग्री से हो रहा कार्य
खड़ंजा निर्माण में जिन ईंटों का उपयोग किया जा रहा है, वे न तो पूरी तरह पकी हैं और न ही निर्माण योग्य गुणवत्ता रखती हैं। अधिकांश ईंटें पीली, अधपकी और कमजोर हैं, जो कुछ ही महीनों में टूट-फूट का शिकार हो सकती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य केवल कागजों पर मजबूत दिखाने की कोशिश हो रही है।
निर्देशों के अनुसार सार्वजनिक निर्माण कार्यों में केवल उच्च गुणवत्ता वाली पक्की ईंटों का प्रयोग किया जाना चाहिए, लेकिन यहां स्थिति उलट दिखाई दे रही है।
योजना से जुड़ी जानकारी पूरी तरह से छिपाई गई
निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित कोई साइट बोर्ड नहीं लगाया गया है। इससे कार्य से जुड़ी जानकारी जैसे योजना का नाम, लागत, कार्यदायी संस्था, कार्य प्रारंभ एवं समाप्ति की तिथि, सब कुछ छिपा रखा गया है।
सरकारी नियमों के अनुसार प्रत्येक निर्माण कार्य स्थल पर साइट बोर्ड लगाया जाना अनिवार्य है ताकि आमजन उस कार्य की प्रामाणिकता और प्रगति की निगरानी कर सकें। बोर्ड का न होना पारदर्शिता की कमी को उजागर करता है।








