
अंबेडकरनगर। पलई कल्याणपुर पेट्रोल पंप के सामने सड़क डिवाइडर पर लगभग 100 मीटर लंबाई तक अरहर की फसल लहलहाती नजर आ रही है। हाईवे के बीचोंबीच उगी यह फसल राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बनती जा रही है। फसल के कारण छुट्टा जानवर सड़क की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
छुट्टा जानवरों की आवाजाही बढ़ी
स्थानीय लोगों के अनुसार डिवाइडर पर उगी अरहर की फसल जानवरों को खुला आमंत्रण दे रही है। दिन के साथ-साथ रात के समय भी मवेशी सड़क पर आ जा रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक जानवरों का आ जाना दुर्घटनाओं को दावत देने जैसा है। क्षेत्र में पहले भी जानवरों के कारण हादसे हो चुके हैं।
यातायात प्रभावित, चालकों में डर
हाईवे पर रोजाना बड़ी संख्या में भारी और हल्के वाहन गुजरते हैं। डिवाइडर पर खड़ी फसल के कारण दृश्यता प्रभावित हो रही है। वाहन चालकों को सामने से आ रहे जानवर या अचानक सड़क पार करते मवेशी देर से दिखाई देते हैं। इससे ब्रेक लगाने या वाहन मोड़ने में परेशानी होती है, जो हादसे की वजह बन सकती है।
पीडब्ल्यूडी की चुप्पी पर सवाल
सबसे गंभीर पहलू यह है कि लोक निर्माण विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। डिवाइडर और सड़क की देखरेख की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी की होती है, लेकिन फसल उगने के बावजूद विभाग की चुप्पी सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह स्थिति बनी हुई है, फिर भी किसी अधिकारी ने संज्ञान नहीं लिया।








