
- शादी के बाद विशेष हेलिकॉप्टर विदाई बनी आखिरी यात्रा
- दुर्घटना में दूल्हे और हेलिकॉप्टर पायलट की मौत
- घायल दुल्हन घंटों तक मलबे में फंसी रही
- 400 मेहमानों की मौजूदगी में हुई थी शादी
जॉर्जिया। अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की शादी के कुछ घंटों बाद हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में हेलिकॉप्टर पायलट की भी जान चली गई, जबकि नवविवाहित दुल्हन जेस्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं और करीब छह घंटे तक मलबे में फंसी रहीं।
शादी के बाद हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को डॉसनविल स्थित ‘द रिवेरे’ वेडिंग वेन्यू में डेव फिजी और जेस्नी का विवाह समारोह आयोजित हुआ था। शादी में करीब 400 मेहमान शामिल हुए थे। समारोह के बाद नवविवाहित जोड़े के लिए हेलिकॉप्टर विदाई की विशेष व्यवस्था की गई थी।
डेव और जेस्नी रॉबिन्सन R66 हेलिकॉप्टर में सवार होकर डीकाल्ब-पीचट्री एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए थे। वहां से दोनों को अटलांटा में रात बितानी थी, लेकिन उड़ान के कुछ समय बाद ही हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पिता ने बयां किया दर्द
डेव फिजी के पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि उनका बेटा अपनी जिंदगी के सबसे खुश दिन का आनंद ले रहा था।
उन्होंने कहा, “मेरा बेटा बेहद खुश था। उसे देखकर उसकी खुशी साफ महसूस की जा सकती थी। वह बहुत खुश और उत्साहित था।”
चर्च से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
परिवार के अनुसार डेव और जेस्नी की मुलाकात चर्च समुदाय के माध्यम से हुई थी। दोनों परिवार लंबे समय से चर्च गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। समय के साथ दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया।
बचपन से था पायलट बनने का सपना
डेव फिजी बचपन से ही विमानन क्षेत्र में करियर बनाना चाहते थे। उन्होंने कड़ी मेहनत से अपना सपना पूरा किया और बाद में एक प्रमुख एयरलाइन में फर्स्ट ऑफिसर के पद पर कार्यरत हुए।
परिजनों के मुताबिक, डेव को उड़ान भरने का बेहद शौक था और वे अपने पेशे के प्रति पूरी तरह समर्पित थे।
जांच में जुटीं एजेंसियां
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।









