वृक्षारोपण महाअभियान शुरू- एक दिन में लगाए जाएंगे 56 लाख से अधिक पौधे

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बुधवार को पूरे उत्तर प्रदेश के साथ आगरा में भी “वृक्षारोपण महाअभियान–2025” की शुरुआत हुई। जिलेभर में कुल 5653 स्थानों पर पौधरोपण किया जा रहा है, जो सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। आगरा को शासन से 54,92,800 पौधों का लक्ष्य मिला था, लेकिन प्रशासन इसे पार कर 56,40,222 पौधे लगाने जा रहा है।

मुख्य कार्यक्रम में मंत्री और अधिकारी शामिल

मुख्य आयोजन आगरा के आवास विकास सेक्टर-9 स्थित पार्क में हुआ। यहां प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने पाखड़ का पौधा लगाया। इस अवसर पर वृक्षारोपण अभियान के नोडल अधिकारी और प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और एमएलसी विजय शिवहरे ने पारस पीपल के पौधे रोपे।

गर्मी के बीच जुटे स्कूली बच्चे और स्थानीय लोग

कार्यक्रम में स्थानीय स्कूलों के छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिकों ने भी हिस्सा लिया। पौधरोपण के लिए गड्ढे पहले से खोदकर पौधे रख दिए गए थे। अतिथियों ने मिट्टी डालकर पौधों को रोपित किया और पानी दिया।

22 पौधशालाओं में तैयार 59 लाख पौधे

विभिन्न प्रजातियों जैसे आंवला, बेल, पीपल, बरगद, पाकड़, अर्जुन, गुलमोहर आदि के करीब 59 लाख पौधे जिले की 22 नर्सरियों में तैयार किए गए हैं।

विभागों को सौंपे गए लक्ष्य, शाम तक रिपोर्ट देनी होगी

शासन के निर्देश के अनुसार सभी विभागों को पौधरोपण लक्ष्य शाम तक पूरा करना है। हर विभाग को शाम तक वन विभाग को रिपोर्ट देनी होगी। साथ ही, 5 दिनों के भीतर सभी पौधों की जियो टैगिंग भी करनी है।

इन विभागों ने लिए लाखों पौधे लगाने का जिम्मा:

  • ग्राम्य विकास विभाग: 19.53 लाख पौधे

  • पर्यावरण विभाग: 1.85 लाख पौधे

  • नगर विकास विभाग: 3.34 लाख पौधे

  • कृषि विभाग: 7.80 लाख पौधे

  • उद्यान विभाग: 2.40 लाख पौधे

  • राजस्व विभाग, पंचायतीराज, शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य, रेलवे, रक्षा और जल शक्ति विभाग समेत कुल 30 से अधिक विभाग इस अभियान में शामिल हैं।

हरियाली के जरिए पर्यावरण बचाने की पहल

यह महाअभियान न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम कदम है, बल्कि समाज को वृक्षारोपण के महत्व को लेकर जागरूक भी कर रहा है।

 

Related Posts

पीएम मोदी से मिले गूगल सीईओ सुंदर पिचाई, AI सहयोग पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। Google के सीईओ Sundar Pichai ने 18 फरवरी को प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात की। पीएम मोदी ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि भारत में…

Continue reading
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में युवती से दुष्कर्म की कोशिश

गोरखपुर। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी प्रथम श्रेणी कोच में एक 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी टीटीई राहुल कुमार को रेलवे प्रशासन ने…

Continue reading