वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित एयरशो देखने पहुंचे। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को ‘विंग्स ओवर गंगा’ नाम दिया गया है। एयरशो में कुल 100 विमान हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें राफेल और सुखोई जैसे 52 लड़ाकू विमान शामिल हैं। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रधानमंत्री के साथ मंच पर मौजूद रहे।
वायुसेना प्रमुख ने पेंटिंग भेंटकर किया स्वागत
नमो घाट पहुंचने पर वायुसेना प्रमुख ने प्रधानमंत्री मोदी को पेंटिंग भेंटकर स्वागत किया। सफेद टोपी और चश्मा पहने पीएम मोदी ने एयरशो देखा। कार्यक्रम में वायुसेना के विमानों ने अपनी हवाई क्षमता का प्रदर्शन किया।
7 किलोमीटर के रोड शो के बाद नमो घाट पहुंचे पीएम
एयरशो से पहले प्रधानमंत्री ने रूपापुर में करीब 100 करोड़ रुपये की अरविंद टेक्सटाइल मिल का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन से नमो घाट तक करीब सात किलोमीटर लंबा रोड शो किया। रास्ते में प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। ढोल-नगाड़ों और भजनों के बीच उनका स्वागत किया गया। समर्थकों ने उनके काफिले पर फूल भी बरसाए।
टेक्सटाइल मिल में काम करने वाली पूजा देवी से मिले पीएम
अरविंद टेक्सटाइल मिल में काम करने वाली पूजा देवी ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि अब तक उन्होंने पीएम मोदी को केवल टीवी पर देखा था। उन्हें सामने देखकर वह काफी खुश हैं। प्रधानमंत्री ने उनसे बातचीत भी की।
एयरशो के चलते इंडिगो की दो उड़ानें लखनऊ डायवर्ट
वाराणसी में एयरशो के कारण रविवार को इंडिगो की दो उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दोनों विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़े थे और उनमें यात्री मौजूद थे। वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से अनुमति मिलने के बाद विमानों के वाराणसी के लिए रवाना होने की बात कही गई।









