
अहमदाबाद। शराबबंदी वाले गुजरात में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आईं जब अहमदाबाद जिले के साणंद स्थित ग्लेड गोल्फ रिसॉर्ट में रविवार देर रात एक हाई-प्रोफाइल शराब पार्टी पर पुलिस ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 युवकों और 26 युवतियों को नशे की हालत में पकड़ा और निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर सभी को गिरफ्तार किया।
यह पार्टी शहर के नामी रियल एस्टेट कारोबारी प्रतीक सांघी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित की गई थी। जांच में खुलासा हुआ कि पार्टी में प्रतीक सांघी की पत्नी भी नशे की हालत में पाई गई हैं।
छापेमारी में 100 में से 50 को हिरासत में लिया गया
साणंद पुलिस को रविवार रात सूचना मिली थी कि ग्लेड गोल्फ रिसॉर्ट में शराब पार्टी चल रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जब छापा मारा, तो करीब 100 लोग वहां मौजूद थे। इनमें से 50 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। मेडिकल जांच के बाद 39 लोगों के नशे में होने की पुष्टि हुई, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
रातभर चला ऑपरेशन, सुबह 3 बजे थाने लाए गए आरोपी
डीएसपी नीलम गोस्वामी ने बताया कि ऑपरेशन रात से सुबह तक चला। चार पुलिस बसों और एक कार में पकड़े गए लोगों को अहमदाबाद सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया। जांच के बाद सुबह 3 बजे सभी को साणंद थाने लाया गया।
पांच सीलबंद शराब की बोतलें भी बरामद
छापेमारी में साणंद थाना, असलाली, चांगोदर और बोपल थानों की टीमें शामिल थीं। रिसॉर्ट से पांच सीलबंद शराब की बोतलें भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
प्रतीक सांघी की कंपनियों का भी हुआ खुलासा
प्रतीक सांघी रियल एस्टेट के साथ-साथ खाद्य उद्योग से भी जुड़े हैं। वह हिंदुस्तान एग्रो एंड ट्यूबर फूड और ट्यूबर फ्रोजन फूड कंपनियों में भागीदार हैं। ट्यूबर फूड कंपनी अहमदाबाद के कलोल में स्थित है और फ्रोजन फूड तैयार करती है।
गुजरात में 65 साल से शराबबंदी लागू
गुजरात में 1 मई 1960 से शराबबंदी लागू है। यह राज्य महात्मा गांधी की जन्मभूमि है, और इसी विचारधारा के चलते राज्य निर्माण के समय शराबबंदी लागू की गई थी। हालांकि, गिफ्ट सिटी जैसे कुछ विशेष इलाकों में शर्तों के साथ शराब की अनुमति दी गई है, लेकिन राज्यभर में इसके निर्माण, बिक्री और सेवन पर सख्त प्रतिबंध है।








