
- हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग पर विशेष ध्यान
- शराब पीकर वाहन चलाने पर ₹20,000 का अर्थदंड
- भविष्य में भी जारी रहेगा सख्त प्रवर्तन अभियान
अंबेंडकरनगर। जनपद में सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर 01 अप्रैल 2025 से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। अभियान के अंतर्गत शनिवार, 07 जून 2025 को जिले भर में कुल 65 वाहनों का चालान किया गया तथा 02 वाहनों से ₹3,000 शमन शुल्क वसूल किया गया। यह कार्रवाई जिले के विभिन्न चौराहों, हाईवे तथा नगर क्षेत्र में की गई।
जारी आंकड़ों के अनुसार, 01 जून 2025 से 07 जून 2025 तक कुल 560 वाहनों का चालान किया गया है। इस दौरान 16 वाहनों से ₹18,500 का शमन शुल्क वसूल कर शासन को राजस्व प्राप्त कराया गया है। संबंधित थानों और ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने मुख्य सड़कों पर अभियान चलाकर हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, बिना कागजात व बिना लाइसेंस जैसे मामलों में कार्रवाई की है।
वाहन चालकों द्वारा नशे की हालत में वाहन संचालन पर रोक लगाने के लिए भी अभियान के अंतर्गत विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। 01 जून से अब तक 53 वाहन चालकों की मेडिकल जांच की गई, जिनमें से 02 चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध चालान व प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए ₹20,000 का अर्थदंड लगाया गया।








