ऑपरेशन सिंदूर पर शहीद जवानों के नाम को लेकर सियासत तेज

कांग्रेस ने सरकार पर शहीदों की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया

नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए भारतीय सेना के छह जवानों के नाम सार्वजनिक होने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर शहीदों की जानकारी सार्वजनिक न करने और उन्हें समय पर सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया है। वहीं, रक्षा मंत्रालय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि रक्षा मंत्री के बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संसद में दिए गए एक पुराने बयान का वीडियो साझा किया। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए छह जवानों की जानकारी लगभग एक वर्ष तक सार्वजनिक नहीं की, जिससे उन्हें वह सम्मान नहीं मिल सका जिसके वे हकदार थे।

पवन खेड़ा ने कहा कि संसद में रक्षा मंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उस समय छह जवान शहीद हुए थे, तो या तो रक्षा मंत्री को इसकी जानकारी नहीं थी या फिर संसद को गुमराह किया गया। उनके अनुसार दोनों ही स्थितियां गंभीर हैं।

वहीं, रक्षा मंत्रालय ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि यह दावा पूरी तरह भ्रामक है कि शहीद जवानों को पहली बार सम्मान दिया गया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संसद में दिए गए बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया है और इससे गलत धारणा बनाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button