सूरत। गुजरात के सूरत में रील बनाने के चक्कर में एक 21 वर्षीय युवक करीब 40 फीट ऊंचे रेलवे ओवरब्रिज से नीचे गिर गया। गनीमत रही कि युवक सीधे जमीन पर गिरने के बजाय नीचे खड़े ऑटो रिक्शा के शेड पर जा गिरा। इससे उसकी जान बच गई। घटना सोमवार की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सामने आया है।
बैलेंस बिगड़ने से नीचे गिरा
मूल रूप से बिहार का रहने वाला मोनू सूरत में काम करता है। सोमवार को वह अपने दोस्त के साथ किम रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचा था। दोनों दोस्त रील बनाने के लिए ब्रिज के पिलर पर चढ़ गए।
इसी दौरान मोनू का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 40 फीट नीचे जा गिरा। नीचे ऑटो रिक्शा का शेड होने की वजह से उसकी जान बच गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक की मदद की।
पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची
घटना की सूचना मिलने के बाद किम थाने की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस युवक को पास के अस्पताल लेकर गई, जहां उसके हाथ-पैर में मामूली चोटें होने की बात सामने आई।
इलाज के बाद पुलिस ने युवक को समझाइश दी और छोड़ दिया। हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद रील बनाने के दौरान बरती गई लापरवाही को लेकर मामला चर्चा में है।









