नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है, जबकि कुछ राज्यों में भीषण गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार को बारिश हुई, वहीं हरियाणा और दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री के लिए मौसम अनुकूल हो गया है। सोमवार को लखनऊ समेत 15 जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। मिर्जापुर में बारिश के बाद एक अंडरपास में करीब तीन फीट तक पानी भर गया। वहीं फिरोजाबाद में ई-रिक्शा पर नीम का पेड़ गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। बस्ती और महराजगंज में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की जान चली गई।
बिहार के 15 जिलों में भी तेज आंधी और बारिश हुई। सीतामढ़ी, मुंगेर और पटना में बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग झुलस गए।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों और एक युवक की मौत हो गई। वहीं मध्य प्रदेश के 12 जिलों में भी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ने 24 जून को मध्य प्रदेश और गुजरात में प्रवेश किया था। अब तक यह 22 राज्यों को कवर कर चुका है, हालांकि कुछ दिनों से इसकी रफ्तार धीमी रही। विभाग का अनुमान है कि 5 जुलाई तक मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा।









