
बिहार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार में वर्चुअली ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने 75 लाख महिलाओं के खातों में सीधे 10-10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए।
2020 के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में महिला वोटर्स की संख्या लगभग 3.39 करोड़ है। इसका अर्थ है कि इस योजना का लाभ करीब 22 प्रतिशत महिला वोटर्स को मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि जन-धन योजना के तहत खुलवाए गए खातों के कारण ही अब सीधे पैसे महिलाओं के खाते में भेजे जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आज भेजे गए पैसे पूरी तरह महिलाओं के खाते में सुरक्षित रहेंगे।
PM ने कहा, “एक भाई तभी खुश होता है जब उसकी बहन स्वस्थ हो और परिवार खुश हो। आज आपके दो भाई, नरेंद्र और नीतीश, मिलकर बहनों के लिए लगातार काम कर रहे हैं।”
प्रधानमंत्री ने बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में महिलाओं ने राहत महसूस की है। उन्होंने कहा, “आज बेटियां बेखौफ होकर घर से निकलती हैं। बिहार को अब फिर कभी उस अंधेरे में नहीं जाने देना है।”
कार्यक्रम के दौरान भोजपुर की रीता देवी और गयाजी की नूरजहां खातून की बातें सुनकर प्रधानमंत्री मुस्कुराए और उनकी सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी ऑनलाइन जुड़े। उन्होंने कहा कि NDA सरकार ने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया और बिहार में विकास को प्राथमिकता दी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल अपने परिवार के लिए काम करते थे।








