
- पीएम ने जनता को 38 मिनट तक संबोधित किया
- आत्मनिर्भर भारत, GST बचत उत्सव और कांग्रेस पर आरोप मुख्य मुद्दे
- BSNL के स्वदेशी 4G टेक्नोलॉजी की शुरुआत
झारसुगुड़ा, ओडिशा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा पहुंचे और करीब 38 मिनट तक जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, GST बचत उत्सव और कांग्रेस शासित राज्यों में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
पीएम मोदी ने कहा कि टेलीकॉम सेक्टर की शुरुआत के समय भारत पीछे रह गया था, लेकिन अब देश स्वदेशी 4G टेक्नोलॉजी वाला पांचवां देश बन गया है। उन्होंने BSNL के स्वदेशी 4G लॉन्च का भी उद्घाटन किया।
मोदी ने कांग्रेस शासित राज्यों में जारी लूटतंत्र पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने टैक्स कम किया, लेकिन हिमाचल में कांग्रेस सरकार जनता तक इसका लाभ नहीं पहुंचा रही। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है।
प्रधानमंत्री का यह 15 महीनों में छठा ओडिशा दौरा था। उन्होंने इस दौरान 60 हजार करोड़ रुपए के रेल, एजुकेशन और हेल्थ प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया। साथ ही अंत्योदय योजना लाभार्थियों को सर्टिफिकेट भी वितरित किए। मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों और कमजोर वर्गों को सशक्त करने पर केंद्रित है और ओडिशा में भी विकास तेजी से हो रहा है।
पीएम ने GST सुधारों और बचत उत्सव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 22 सितंबर से नए GST रिफॉर्म लागू हुए हैं, जिनसे आम जनता को रसोई और जरूरी सामान सस्ते में मिलेंगे।
मोदी ने कहा, “भाजपा सरकार में डबल बचत और डबल कमाई का दौर आया है। हमने देश को कांग्रेस के लूट तंत्र से बाहर निकाला। अब आम आदमी का जीवन आसान हुआ है।”
उन्होंने नवरात्रि के अवसर पर मां रामोचंडी के दर्शन का भी उल्लेख किया और जनता से आशीर्वाद प्राप्त किया।








