अंबेडकरनगर। जायद विपणन मौसम 2026-27 के तहत जिले में किसानों से उड़द, मूंग और मूंगफली की खरीद के लिए तीन क्रय केंद्रों को स्वीकृति दी गई है। इन केंद्रों पर किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के आधार पर उपज खरीदी जाएगी। खरीद अभियान 25 जून से शुरू होकर 22 सितंबर 2026 तक संचालित होगा।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। पीसीएफ और यूपीसीयू के जिला प्रबंधकों की ओर से दिए गए प्रस्तावों के आधार पर केंद्रों का चयन किया गया है।
बसखारी, सुमेरपुर और सिझौली में बने क्रय केंद्र
जिले में स्वीकृत तीन क्रय केंद्रों में बसखारी ब्लॉक का बी-पैक्स बसखारी नंबर-1, कटेहरी ब्लॉक का बी-पैक्स सुमेरपुर और अकबरपुर क्षेत्र के सिझौली मंडी परिसर स्थित जिला सहकारी सभा अयोध्या शाखा-अकबरपुर शामिल हैं।
इन केंद्रों पर किसानों से मुख्य रूप से उड़द और मूंग की खरीद की जाएगी। खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए निर्धारित नियमों और आवश्यक दस्तावेजों के साथ केंद्रों पर पहुंचना होगा।
सत्यापन के लिए अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने किसानों की खसरा-खतौनी और नाम के सत्यापन के लिए संबंधित उपजिलाधिकारियों को पर्यवेक्षणीय अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही खरीद प्रक्रिया की निगरानी और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने पीसीएफ और यूपीसीयू के जिला प्रबंधकों को निर्देश दिया है कि क्रय नीति के अनुसार सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं। इसमें केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं, खरीद व्यवस्था और किसानों के लिए सुगम प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया है।









