अंबेडकरनगर। बसखारी थाना क्षेत्र के रसूलपुर दरगाह में शनिवार को एक युवक के टावर पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
युवक की पहचान रसूलपुर दरगाह निवासी अफजल (26) पुत्र शहीद के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अफजल इससे पहले भी चार बार टावर पर चढ़ चुका है। शनिवार को उसके फिर टावर पर चढ़ने की सूचना से परिजन और आसपास के लोग चिंतित हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस, समझाकर नीचे उतारा
घटना की जानकारी मिलते ही किछौछा चौकी प्रभारी रवीश यादव, उपनिरीक्षक अरुण कुमार और कांस्टेबल अजीत यादव समेत पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने युवक को नीचे उतारने के लिए उससे बातचीत की। काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
नशे की लत की बात कह रहे परिजन
अफजल के भाई ने बताया कि युवक अत्यधिक नशे का सेवन करता है और इसके चलते उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता। हालांकि, युवक के टावर पर चढ़ने के कारणों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस की तत्परता से संभावित हादसा टल गया।









