रात में स्कूल की रखवाली, सुबह कमरे में फंदे से मिला पीआरडी जवान का शव

अंदर से बंद था कमरा, दरवाजा तोड़कर पुलिस ने निकाला शव; छह महीने से मानदेय न मिलने की बात भी सामने आई

अंबेडकरनगर। खासपुर स्थित पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय में रात की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान वीरेंद्र की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव विद्यालय परिसर के कमरे में फंदे से लटका मिला। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
रायपुर सकरावल निवासी करीब 35 वर्षीय वीरेंद्र की ड्यूटी विद्यालय में रात के समय सुरक्षा के लिए लगाई गई थी। बताया गया कि वह ड्यूटी के दौरान विद्यालय परिसर में बने कमरे में ही रहता था। शनिवार रात भी वह विद्यालय में मौजूद था। रविवार सुबह करीब सात बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। कोई गतिविधि नहीं दिखने पर लोगों को संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो वीरेंद्र का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी जानकारी ली गई।
मामले की सूचना पर डीएसपी प्रदीप चंदेल और थाना प्रभारी सुनील पांडेय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे और आसपास की स्थिति देखी। मौत को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button