
- समाधान दिवस में पहुंचे 8 जोनों के अधिकारी
- बुद्धेश्वर के बुजुर्ग ने दी इच्छा मृत्यु की चेतावनी
- नगर निगम पर कार्रवाई न करने का आरोप
लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार को समाधान दिवस के तहत आठ जोनों की जनता अपनी शिकायतों को लेकर नगर आयुक्त गौरव कुमार और अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार के सामने पहुंची। जहां एक ओर प्रशासन का दावा है कि 60 से ज्यादा शिकायतों का निपटारा कर दिया गया, वहीं मौके पर पहुंचे कई लोग फूट-फूटकर रो पड़े।
लालकुआं की महिला बोलीं- ठेकेदार ने 22 हजार की घूस मांगी
लालकुआं निवासी प्रेमा जायसवाल पेयजल समस्या को लेकर पहुंचीं थीं। उन्होंने बताया कि सड़क खुदाई के बाद उनका वाटर पाइप कनेक्शन टूटा पड़ा है और पानी नहीं मिल रहा। ठेकेदार ने कनेक्शन जोड़ने के लिए 22 हजार रुपए की घूस मांगी। प्रेमा की आंखों में आंसू थे और उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
बुद्धेश्वर निवासी बोले- जलभराव से तंग आकर अब इच्छा मृत्यु की अर्जी दूंगा
बुद्धेश्वर निवासी रामचंद्र चौरसिया ने फूट-फूटकर शिकायत की कि उनकी कॉलोनी में 15 दिन से नाले का पानी जमा है। उन्होंने कहा कि साल भर पहले बनी सड़क पर लगातार जलभराव हो रहा है और जानवरों के गोबर से नाला ब्लॉक हो चुका है। “पार्षद, सांसद और नगर निगम अधिकारियों से शिकायत कर चुका हूं। अब इच्छा मृत्यु की दरख्वास्त ही अंतिम रास्ता है,” रामचंद्र बोले। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के कर्मचारियों ने सड़क बनाने के लिए 20 बोरी मौरंग भी मांगी थी।








