पुणे। महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवाड़ में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक चार साल की बच्ची पर हमला कर दिया। चिखली इलाके में रविवार दोपहर हुई इस घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर पर 80 से ज्यादा टांके लगाए गए हैं। बच्ची के हाथ और जांघ पर भी चोटें आई हैं। घटना का CCTV फुटेज मंगलवार को सामने आया।
पत्तियां लेने घर से निकली थी बच्ची
बच्ची के पिता गिरधर मिश्रा के मुताबिक, उनकी बेटी पास के पेड़ से कुछ पत्तियां लेने के लिए घर से बाहर निकली थी। जैसे ही वह पेड़ के पास पहुंची, वहां मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया।
बच्ची ने कुत्तों से बचकर भागने की कोशिश की, लेकिन दो कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया और उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद बाकी कुत्ते भी बच्ची पर टूट पड़े।
43 सेकेंड तक जारी रहा हमला
परिजनों के मुताबिक, करीब 43 सेकेंड तक कुत्तों ने बच्ची को काटा और नोंचा। CCTV फुटेज में भी कुत्तों का झुंड बच्ची को चारों तरफ से घेरता दिखाई दे रहा है।
बच्ची की चीख सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कुत्तों को वहां से भगाया और बच्ची को उठाकर अस्पताल पहुंचाया।
सिर पर 80 से ज्यादा टांके
कुत्तों के हमले में बच्ची के सिर पर गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों ने उसके सिर पर 80 से ज्यादा टांके लगाए हैं। इसके अलावा उसके हाथ और जांघ पर भी कुत्तों के काटने से चोटें आई हैं।
बच्ची के पिता ने इलाके में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
CCTV फुटेज में बच्ची को कुत्तों से बचकर भागने की कोशिश करते देखा जा सकता है। कुछ ही सेकेंड में कुत्तों का झुंड उसे घेर लेता है। दो कुत्ते बच्ची पर हमला करते हैं और उसके जमीन पर गिरते ही अन्य कुत्ते भी वहां पहुंच जाते हैं।
स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद कुत्ते भाग जाते हैं और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला जाता है।
कल्याण में 7 घंटे में 130 लोगों को काटा
महाराष्ट्र के कल्याण में भी आवारा कुत्ते के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां रविवार दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुए हमले में एक आवारा कुत्ते ने लगभग 7 घंटे में 130 लोगों को काट लिया।
कुत्ते ने सड़क पर पैदल चल रहे लोगों के साथ बाइक सवारों और ऑटो में बैठे यात्रियों को भी निशाना बनाया। हमले में 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल 11 साल की बच्ची को मुंबई के सायन अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि हमलावर कुत्ते को पकड़ा गया है या नहीं।
6 तस्वीरों में देखें घटना
- पत्तियां लेने घर से निकली बच्ची – बच्ची पेड़ से पत्तियां लेने के लिए घर से बाहर गई थी।
- कुत्तों को देखकर भागने की कोशिश – कुत्तों को देखकर बच्ची वहां से भागने लगी।
- दो कुत्तों ने किया हमला – दो कुत्तों ने बच्ची को घेरकर जमीन पर गिरा दिया।
- सात कुत्तों ने घेरा – इसके बाद पूरे झुंड ने बच्ची को काटा और नोंचा।
- चीख सुनकर पहुंचे लोग – बच्ची की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
- लोगों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया – लोगों ने कुत्तों को भगाकर बच्ची को उठाया और अस्पताल ले









