जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े एक पूर्व आतंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मंजूर अहमद भट के रूप में हुई है। उसके पास से चीन में बनी एक पिस्तौल, दो मैगजीन और 16 गोलियां बरामद की गई हैं।
पहले भी दो मामलों में हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, मंजूर अहमद भट को इससे पहले भी दो मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोप है कि वह हिजबुल मुजाहिदीन के निर्देश पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता था।
आतंकी मॉड्यूल की गतिविधियों की मिली थी जानकारी
पुलिस को हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े एक मॉड्यूल की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली थी। यह मॉड्यूल हंदवाड़ा-कुपवाड़ा क्षेत्र में सक्रिय बताया गया है। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए मंजूर अहमद भट को गिरफ्तार किया।









