संसद में हंगामा, आज पेपर लीक बिल पर बहस

  • हंगामे के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
  • लोकसभा में आज पेपर लीक संशोधन विधेयक पर चर्चा
  • राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और तेजस्वी सूर्या समेत कई सांसद होंगे शामिल

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही हंगामे के बीच शुरू हुई। लगातार शोर-शराबे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सभी दलों से सदन को सुचारु रूप से चलाने की अपील करते हुए कहा कि संसद में चर्चा और संवाद होना चाहिए, ताकि देश को सकारात्मक संदेश मिले।

आज पेपर लीक संशोधन विधेयक पर चर्चा

दोपहर 2 बजे लोकसभा में ‘पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026’ पर चर्चा होगी। यह विधेयक 2024 के मौजूदा कानून में संशोधन से जुड़ा है। इस पर चर्चा के लिए छह घंटे का समय निर्धारित किया गया है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर बढ़ाया भी जा सकता है।

ये नेता बहस में लेंगे हिस्सा

संसदीय चर्चा में एनडीए की ओर से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज और तेजस्वी सूर्या समेत कई युवा सांसद हिस्सा लेंगे। वहीं, INDIA ब्लॉक की ओर से विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और गौरव गोगोई अपनी बात रखेंगे।

NDA की ‘मंगल मिलन’ बैठक

संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित हुई। इस बार पहली बार नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) को भी बैठक में शामिल किया गया। हाल ही में टीएमसी छोड़कर NCPI में शामिल हुए सुदीप बंदोपाध्याय, काकोली घोष सहित पार्टी के सांसद बैठक में मौजूद रहे।

राज्यसभा में भी विपक्ष का हंगामा

राज्यसभा में विपक्ष ने नीट पेपर लीक आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया। विपक्षी दलों ने गृह मंत्री अमित शाह से सदन में बयान देने की मांग की। शोर-शराबे के बीच सभापति सी.पी. राधाकृष्णन शून्यकाल नहीं चला सके और सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button