
लखनऊ। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और स्वास्थ्यपूर्ण बनाने के लिए लखनऊ प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर आने वाले इलाकों की दुकानों पर QR कोड लगवाने की पहल की है, जिससे ग्राहक भोजन और खानपान की गुणवत्ता को लेकर फीडबैक दे सकें।
इसके साथ ही विभाग ने अयोध्या-लखनऊ रोड, राजाजीपुरम और कुर्सी रोड पर दुकानों की ताबड़तोड़ चेकिंग शुरू कर दी है। मंगलवार को 30 से अधिक प्रतिष्ठानों पर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की गई।
132 बोतल एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक बरामद
चिनहट की गुलजार कॉलोनी स्थित ब्लॉसम कूल कॉर्नर पर 132 बोतल एक्सपायर्ड फैंटा मिलीं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।
रेस्टोरेंट्स में भारी मात्रा में एक्सपायर्ड सामान
बाप्पा श्री रेस्टोरेंट (आनंद विहार कॉलोनी) में 8 पैकेट गजक, 3 नूडल्स, 5 किलोग्राम सॉस, मेयोनीज और अन्य खाद्य पदार्थ एक्सपायर्ड पाए गए।
मिस्टर सिंह फास्ट फूड (राजाजीपुरम) में बासी बिरयानी, पनीर टिक्का और 2 किलोग्राम एक्सपायर्ड सॉस नष्ट कराया गया।
कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित भोजन प्राथमिकता
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान कांवड़ यात्रियों को स्वस्थ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। फूड सेफ्टी ऑन व्हील (FSW) वैन से मौके पर ही जांच की गई।
नोटिस जारी, जवाब तलब
जिन प्रतिष्ठानों में गड़बड़ियां पाई गईं, उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
इसके साथ ही दुकानों पर फूड सेफ्टी कनेक्ट साइनेज और रेट लिस्ट भी लगवाई गई है।
सख्त चेतावनी: नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट कहा कि जन स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








