अम्बेडकरनगर। सदर तहसील अकबरपुर में राजस्व कर्मियों की लंबे समय से एक ही तहसील में तैनाती चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहे हैं कि कई राजस्व कर्मचारी पांच वर्ष से अधिक समय से सदर तहसील में ही कार्यरत हैं। इनमें कुछ ऐसे भी बताए जा रहे हैं, जिनकी तैनाती उनके गृह क्षेत्र या उसके आसपास के राजस्व क्षेत्र में है।
सूत्रों के अनुसार, कई कर्मचारियों के निवास और कार्यस्थल के बीच महज चार से पांच किलोमीटर की दूरी है। कुछ मामलों में संबंधित कर्मियों की तैनाती उनके गांव अथवा आसपास के क्षेत्र में होने की भी चर्चा है। इसे लेकर स्थानीय लोगों के बीच तबादला नीति के पालन पर सवाल उठ रहे हैं।
लंबे कार्यकाल पर बढ़ी चर्चा
राजस्व विभाग में समय-समय पर स्थानांतरण की व्यवस्था लागू होती है, लेकिन सदर तहसील में कुछ कर्मचारियों के लंबे समय तक बने रहने की चर्चा तेज है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों तक एक ही क्षेत्र में तैनाती रहने से कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
वहीं, सूत्रों का दावा है कि कुछ राजस्व कर्मियों को तहसील से बाहर स्थानांतरित करने के बजाय सदर तहसील के अलग-अलग हलकों में ही समायोजित किया जाता रहा है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पैमाइश और भूमि विवादों को लेकर भी उठ रहे सवाल
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि गृह क्षेत्र या उसके आसपास तैनाती होने की स्थिति में भूमि पैमाइश और राजस्व संबंधी मामलों में निष्पक्षता को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। हालांकि किसी भी कर्मचारी के खिलाफ इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी या जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है।









