
बाइक पर ड्यूटी जा रहे 35 वर्षीय विवेक कुमार पर रात में हमला
तीन बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए
घायल रेलवे कर्मचारी को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, इलाज के दौरान मौत
मेरठ। शहर के मुंडाली थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहे रेलवे कर्मचारी विवेक कुमार (35) की देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। घायल अवस्था में विवेक को पहले सीएचसी और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, विवेक कुमार खरखौदा रेलवे स्टेशन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे और रविवार रात लगभग 10:30 बजे ड्यूटी के लिए बाइक से निकले थे। इसी दौरान तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक दी और चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में टीमें लगा दी हैं।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में तलाश जारी रखी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।







