
- चारबाग स्टेशन पर बंद पड़े वाटर कूलर, गर्म पानी पीने को मजबूर यात्री
- प्लेटफॉर्म पर पंखे खराब, यात्री अपने साथ ला रहे निजी पंखे
- वेटिंग एरिया केवल पैसे वालों के लिए उपलब्ध
लखनऊ। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी ने रेलवे की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। चारबाग रेलवे स्टेशन पर बुनियादी सुविधाएं चरमरा गई हैं। न प्लेटफॉर्म पर पीने के लिए ठंडा पानी है, न ही गर्मी से राहत देने वाले पंखे चल रहे हैं। वाटर कूलर बंद पड़े हैं या उनमें पानी नहीं आ रहा है। ऐसे में यात्री तपती गर्मी में जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं।
पानी के लिए मच रही है भगदड़
चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 3 पर लगे वाटर कूलर या तो बंद हैं या गर्म पानी दे रहे हैं। स्थिति यह है कि जैसे ही कोई ट्रेन स्टेशन पर रुकती है, यात्री पानी लेने के लिए टूट पड़ते हैं। धक्का-मुक्की और झगड़े की नौबत आ जाती है। प्लेटफॉर्म-1 पर कैंटीन के पास मौजूद एकमात्र ठंडे पानी का प्वाइंट भीड़ का दबाव झेल नहीं पा रहा है।
पंखे बंद, यात्री ला रहे निजी पंखे
स्टेशन पर लगे पंखे काम नहीं कर रहे हैं। गर्मी से बेहाल यात्री अपने साथ घर से छोटे पंखे लेकर आ रहे हैं। ट्रेनों में भी गर्मी से हालात बदतर हैं। बोगियों में क्षमता से तीन गुना ज्यादा यात्री भरे हैं, जिससे दम घुटने की स्थिति बन रही है।
तपती फर्श पर गुजारना पड़ रहा समय
स्टेशन पर बेंचों की कमी के चलते यात्री तपती फर्श पर बैठकर या लेटकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। बुजुर्ग और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है, लेकिन रेलवे अधिकारी हालात से बेपरवाह बने हुए हैं।








