रेलवे की बाउंड्री बनी गांवों की राह में बाधा, अंडरपास के लिए सांसद ने उठाई आवाज

गौरा बसंतपुर-कुर्मी डीहा समेत कई गांवों के लोगों की परेशानी का मामला, स्कूल से राशन की दुकान तक जाने के लिए बदलना पड़ रहा रास्ता

अंबेडकरनगर। रेलवे की बाउंड्री से गौरा बसंतपुर, कुर्मी डीहा, नकटहा, पांडेय का पूरा और रामदास पट्टी समेत आसपास के गांवों के लोगों की आवाजाही प्रभावित होने का मामला सामने आया है। गांवों के लोगों की समस्या को लेकर सांसद लालजी वर्मा ने उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के अधिकारियों को पत्र भेजा है। उन्होंने ग्रामीणों के लिए रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास बनवाने की मांग की है।
सांसद ने रेलवे अधिकारियों को भेजे पत्र में बताया है कि संबंधित गांव रेलवे लाइन के एक तरफ स्थित हैं। वहीं प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन, राशन की दुकान, पुलिस स्टेशन, गैस गोदाम और पेट्रोल पंप समेत कई जरूरी स्थान दूसरी तरफ हैं। रेलवे की बाउंड्री बनाए जाने के बाद दोनों तरफ आने-जाने का रास्ता प्रभावित हुआ है।
बच्चों से लेकर रोजमर्रा के काम तक प्रभावित
गांवों के लोगों को स्कूल, पंचायत भवन और राशन की दुकान जैसे जरूरी स्थानों तक पहुंचने के लिए रेलवे लाइन के दूसरी तरफ जाना पड़ता है। पुलिस स्टेशन, गैस गोदाम और पेट्रोल पंप भी दूसरी दिशा में होने से रोजाना आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले जिन रास्तों से लोग आसानी से आते-जाते थे, रेलवे की बाउंड्री बनने के बाद वहां आवागमन बाधित हो गया है। इससे आसपास के कई गांवों के लोगों के सामने सुरक्षित और सुविधाजनक रास्ते की समस्या खड़ी हो गई है।
एक अंडरपास से कई गांवों को मिल सकती है राह
सांसद ने रेलवे अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्या को जनहित का मामला मानते हुए मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि गांवों के लोगों के आवागमन के लिए रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास का निर्माण कराया जाना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button