कानपुर पहुंचे RSS प्रमुख मोहन भागवत, निजी समारोह में होंगे शामिल

आशीर्वाद समारोह में शामिल होने पहुंचे संघ प्रमुख, सुरक्षा के बीच शहर में यातायात डायवर्जन लागू

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत गुरुवार सुबह कानपुर पहुंचे। वह डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका स्वागत किया गया।

स्टेशन से निकलने के बाद मोहन भागवत सिविल लाइंस मार्ग से आजाद नगर स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए। वह शहर में आयोजित एक निजी पारिवारिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। दोपहर में यहां आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया है।

जानकारी के अनुसार, नीतू सिंह की पुत्री वसुंधरा और यश का विवाह 21 जून को होना है। विवाह से पूर्व आयोजित आशीर्वाद समारोह में शामिल होने के लिए मोहन भागवत कानपुर पहुंचे हैं। नीतू सिंह का परिवार लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा हुआ है।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। साथ ही दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया गया है।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों व अन्य अतिथियों से मुलाकात की। वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी आशीर्वाद समारोह में शामिल हुए और वर-वधू को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button