
- बीएचयू नरिया गेट के पास छात्रों ने कार पर हमला किया
- कार के शीशे तोड़े, युवक को सिर में चोट लगी
- प्राक्टोरियल बोर्ड और NCC ने बीच-बचाव किया
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के नरिया गेट के पास मंगलवार दोपहर अचानक अफरा-तफरी मच गई। छात्रों के एक गुट ने कार पर हमला कर दिया और कार के शीशे तोड़ डाले। इस दौरान कार में बैठे एक युवक को सिर में चोट लगी, जिसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगने से शुरू हुआ विवाद
मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे दो छात्रावास संचालक होंडा कार से कैंपस में प्रवेश कर रहे थे। एनसीसी कार्यालय के पास बने ब्रेकर पर कार चालक ने अचानक ब्रेक लगाया तो पीछे से आ रहे बाइक सवार उससे टकरा गए। बाइक सवारों ने कार चालक को ठीक से गाड़ी चलाने को कहा, जिस पर कार चालक से उनका विवाद हो गया।
हॉस्टल से बुलाए छात्र, हमला कर तोड़े शीशे
विवाद बढ़ने पर बाइक सवार छात्रों ने अपने हॉस्टल से कुछ साथियों को बुला लिया। देखते ही देखते मौके पर कई छात्र जमा हो गए और कार पर हमला कर दिया। छात्रों ने डंडों से कार के शीशे तोड़ दिए और कार में सवार एक युवक के सिर पर वार किया। मौके पर मौजूद प्राक्टोरियल बोर्ड और एनसीसी के जवानों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पुलिस मौके पर, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही लंका थाने की पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक छात्र वहां से भाग निकले थे। घायल युवक को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
बीएचयू चौकी प्रभारी सौरभ ने बताया कि घायल युवक का इलाज चल रहा है और पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर दी जा रही है। जिन युवकों ने मारपीट की है उनकी तलाश की जा रही है और सख्त कार्रवाई की जाएगी।







