मशहूर फिल्ममेकर कुकू कोहली के निधन पर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने गहरा दुख जताया है। सलमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर कर कुकू कोहली की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कुकू कोहली की पत्नी और वरिष्ठ अभिनेत्री अरुणा ईरानी समेत पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
25 अगस्त को हुआ था निधन
77 वर्षीय कुकू कोहली का 25 अगस्त को कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया था। इसके बाद 26 अगस्त को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बॉलीवुड की कई हस्तियां शामिल हुई थीं।
‘अरुणा जी, भगवान आपको हिम्मत दे’
सलमान खान ने अपनी पोस्ट में लिखा, “भगवान आपकी आत्मा को शांति दे कुकू जी। अरुणा जी, मेरा दिल आपके साथ है। भगवान आपको हिम्मत दे।” सलमान की श्रद्धांजलि के बाद उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने भी कुकू कोहली को याद किया।
अरुणा ईरानी के साथ सलमान ने किया काम
सलमान खान और अरुणा ईरानी के बीच लंबे समय से प्रोफेशनल रिश्ता रहा है। दोनों ने ‘सपने साजन के’ (1992) और ‘हम तुम्हारे हैं सनम’ (2002) जैसी फिल्मों में साथ काम किया है।
कुकू कोहली की बेटी का भी रहा सलमान से कनेक्शन
कुकू कोहली की बेटी करिश्मा कोहली का भी सलमान खान से प्रोफेशनल कनेक्शन रहा है। करिश्मा ने सलमान की फिल्मों ‘एक था टाइगर’ और ‘बजरंगी भाईजान’ में निर्देशक कबीर खान के साथ बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया था।









