
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के कोतवाली नगर क्षेत्र के मुरादाबाद मोहल्ले में हुए पांच हत्याओं के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। चार बच्चों और उनकी मां की निर्मम हत्या के आरोपी आमिर को रविवार देर रात मुठभेड़ में मार गिराया गया। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने मामले को सुलझाने का दावा किया है।
यह वारदात शनिवार को सामने आई थी, जब एक घर के अंदर चार मासूम बच्चों के शव एक साथ मिले थे। घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया था।
कमरे में बिस्तर पर मिले चारों बच्चे
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि मुरादाबाद मोहल्ले के एक घर में बच्चों की संदिग्ध मौत हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि चारों बच्चे कमरे में बिस्तर पर पड़े थे। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। प्रारंभिक जांच में सिर कूचकर हत्या की आशंका जताई गई।
मृतकों की पहचान सादिया (8), सफीक (14), सऊद और उमर के रूप में हुई। बच्चों के पिता नियाज़ अहमद सऊदी अरब में रहते हैं। घटना के समय घर में मां गासिया और बच्चे ही मौजूद थे।
मां पर शक, फिर नाले से मिला शव
घटना के बाद गासिया घर पर नहीं मिली। ऐसे में पुलिस ने प्रथम दृष्टया उसे संदिग्ध मानते हुए तलाश शुरू की। लेकिन रविवार को उसका शव घर से करीब 100 मीटर दूर नाले में मिला। शरीर पर चोट के निशान थे।
गासिया का शव मिलने के बाद मामला पूरी तरह बदल गया। अब पुलिस को स्पष्ट हो गया कि वह भी हत्या की शिकार है।
आमिर पर पहुंचा शक, शुरू हुई तलाश
जांच के दौरान पुलिस को आमिर नाम के युवक की भूमिका संदिग्ध लगी। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई गई तो उसके घटनास्थल के आसपास देखे जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया।









