-
मारे गए आतंकियों में टॉप कमांडर सैफुल्लाह भी शामिल
-
पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में LoC पर 4-5 पाकिस्तानी घुसपैठिए ढेर
-
BSF ने आरएस पुरा सेक्टर में एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में बीते कुछ दिनों से सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच जारी मुठभेड़ों में तेजी आई है। अलग-अलग जिलों में आतंकियों की घुसपैठ और छिपने की कोशिशों पर सेना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई ऑपरेशन चलाए। इन अभियानों में जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों के आतंकियों को निशाना बनाकर मारा गया। कठुआ, किश्तवाड़ और पुंछ सहित सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।
शुक्रवार को किश्तवाड़ के घने जंगलों में रातभर चली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को ढेर कर दिया। इनमें संगठन का एक शीर्ष कमांडर सैफुल्लाह भी शामिल है। यह अभियान अभी भी जारी है और इलाके में तलाशी अभियान बढ़ा दिया गया है।
इससे पहले 1 अप्रैल को पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास 4-5 पाकिस्तानी घुसपैठिए सेना की जवाबी कार्रवाई में मारे गए थे। वहीं, 4 और 5 अप्रैल की दरम्यानी रात आरएस पुरा सेक्टर में BSF ने एक और पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया था।
इन घटनाओं के बीच, एक JCO (जूनियर कमिशंड ऑफिसर) सूबेदार कुलदीप चंद की शहादत को सेना ने सलाम करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। व्हाइट नाइट कोर ने ट्वीट करते हुए लिखा कि सूबेदार कुलदीप ने आतंकियों की घुसपैठ रोकने के ऑपरेशन में वीरगति पाई।
1 अप्रैल को पाकिस्तान की ओर से की गई सीजफायर उल्लंघन के दौरान 3 माइन ब्लास्ट हुए और गोलीबारी की गई, जिसके बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की थी। सेना ने स्पष्ट किया है कि स्थिति नियंत्रण में है और एलओसी पर पूरी निगरानी रखी जा रही है।








