
- भारत-पाक तनाव के चलते पूरे यूपी में हाईअलर्ट
- काशी, मथुरा, अयोध्या को बनाया गया अभेद किला
- ड्रोन से निगरानी, हर गतिविधि हो रही रिकॉर्ड
वाराणसी। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनज़र उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक शहरों—काशी, मथुरा और अयोध्या—को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। पूरे राज्य में हाईअलर्ट घोषित किया गया है। वाराणसी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र भी है, में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। गंगा घाटों से लेकर मंदिरों तक ड्रोन और सुरक्षाबलों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
हर सड़क, गली और घाट पर पुलिस की तैनाती
वाराणसी में गंगा घाट, काशी विश्वनाथ मंदिर और ज्ञानवापी मस्जिद क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। पुलिस के थानेदार से लेकर एसीपी, डीसीपी तक की टीम लगातार चक्रमण कर रही है। शुक्रवार की रातभर फैंटम बाइक पर जवानों ने गश्त की। 200 से अधिक जवान सड़कों पर उतरे।
ड्रोन और सीसीटीवी से हो रही निगरानी
शहर की सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। हर गली और मंदिर पर सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा में 100 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं, जो शिफ्ट में लगातार ड्यूटी कर रहे हैं।
एनएसजी और अन्य सुरक्षाबलों की तैनाती
बाबा विश्वनाथ मंदिर, BHEL, GAIL, BLW और बाबतपुर एयरपोर्ट सहित कई संवेदनशील स्थलों पर NSG, CRPF, CISF, RPF, PAC और NDRF की टुकड़ियां तैनात कर दी गई हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा पांच लेयर में की गई है और विज़िटर पास पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं।








