
- रजिस्ट्रेशन से निस्तारण तक पारदर्शी प्रक्रिया पर बल
- जरूरत पड़ने पर तकनीकी प्रशिक्षण देने की योजना
- संतोषजनक निस्तारण न करने वाले थानों की जवाबदेही तय होगी
अम्बेडकरनगर। बुधवार को जनपद में आईजीआरएस प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा लंबित शिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस कार्यालय स्थित जिला प्रशिक्षण इकाई में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का आयोजन पुलिस अधीक्षक अंबेडकरनगर (#SP_ABN) के निर्देशन में किया गया, जिसकी अध्यक्षता एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार एवं एएसपी पूर्वी श्याम देव ने संयुक्त रूप से की।
थानों के आईजीआरएस मुंशियों को दिए गए स्पष्ट दिशा-निर्देश
गोष्ठी में जनपद के समस्त थानों और पुलिस कार्यालयों में कार्यरत आईजीआरएस (जन सुनवाई प्रणाली) मुंशियों की उपस्थिति रही। एएसपी द्वय ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद करते हुए आईजीआरएस प्रकरणों के समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण पर विशेष बल दिया।
बैठक में यह स्पष्ट रूप से कहा गया कि आईजीआरएस शिकायतें सीधे शासन स्तर से प्राप्त होती हैं और इनका प्रभावी व संतुलित निस्तारण जनता के विश्वास को कायम रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार ने बैठक में कहा कि प्रत्येक मुंशी को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्राप्त होने वाली हर शिकायत को प्राथमिकता पर लेकर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेताया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एएसपी पूर्वी श्याम देव ने कहा कि आईजीआरएस प्रणाली शासन की प्राथमिकता में शामिल है और इसकी मॉनिटरिंग सीधे उच्च स्तर से की जा रही है। उन्होंने सभी को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर समाधान की प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाए।








