
- इंटर कॉलेज छात्र को सीनियर ने नशे में फंसाया
- वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ₹1.40 लाख वसूले
- 45 ग्राम सोने के गहने भी ले गए आरोपी
लखनऊ। गोमतीनगर स्थित मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज में 10वीं के छात्र को उसके ही सीनियर ने नशा करवाकर वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये व सोने के गहने हड़प लिए। पीड़ित छात्र रजत सिंह के पिता ने पुलिस कमिश्नरेट (पूर्वी) में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कैसे शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल
रजत सिंह ने बताया कि 12वीं कक्षा के छात्र साहिल सिन्हा ने पहले दोस्ती की और फिर साथियों अभिषेक बादव, अरमान सिद्दीकी, आकर्ष और युवराज के साथ मिलकर उसे जाल में फंसा लिया। आरोप है कि उसे हुक्का बार ले जाकर नशा करवाया गया और इस दौरान वीडियो बनाया गया।
इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पहले ₹1.40 लाख नकद मांगे गए। रकम देने के बाद भी ब्लैकमेलिंग नहीं रुकी। आरोपियों ने सोने के गहनों की मांग शुरू कर दी।
सोने के गहने भी ले गए आरोपी
डर के कारण रजत ने एक सोने की चेन (12 ग्राम) और दो कंगन (कुल 16 ग्राम) दिए। बाद में दो टूटी हुई चेन (9 और 8 ग्राम) और एक सोने का सिक्का भी दे दिया। इस तरह कुल मिलाकर लगभग 45 ग्राम सोना और नकद हड़प लिया गया।
पिस्टल दिखाकर धमकाया, गाड़ी से की रेकी
रजत ने बताया कि पैसे न देने पर आरोपियों ने उसे पिस्टल दिखाकर धमकाया। अरमान सिद्दीकी नामक युवक ने एक बार उसे बंदूक दिखाकर डराया। यही नहीं, आरोपियों ने एक थार गाड़ी (UP32 PB 1112) से उसके घर की रेकी भी की। गाड़ी “सृजन” नाम के युवक की बताई जा रही है।
पिता ने पुलिस से लगाई गुहार
पीड़ित के पिता इंद्रप्रताप सिंह ने लिखित शिकायत में कहा कि आरोपियों ने नाबालिग बेटे को जबरन नशा कराया, धमकाया और घर से पैसे व गहने निकलवाए। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई न होने पर ये किशोर आगे बड़े अपराध में शामिल हो सकते हैं।








