यूपी में भीषण ठंड और घना कोहरा, 12वीं तक के स्कूल 5 जनवरी तक बंद

लखनऊ। प्रदेशभर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान लगातार गिर रहा है। बढ़ती ठंड को देखते हुए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल और कॉलेज 5 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि यह आदेश ICSE, CBSE और यूपी बोर्ड से संचालित सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में सक्रिय रहें और ठंड से बचाव के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें।

सीएम योगी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोता हुआ न मिले। इसके लिए रैन बसेरों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। कंबल वितरण और अलाव की व्यवस्था हर जिले में प्रभावी ढंग से की जाए। साथ ही रैन बसेरों का नियमित और औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की जाए।

गौरतलब है कि इससे पहले सरकार ने 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक कक्षा 12वीं तक के स्कूल बंद किए थे। वहीं, परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में पहले से ही 1 जनवरी से 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गरीब, निराश्रित और सड़क किनारे रहने वाले लोगों तक राहत सामग्री समय से पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। रैन बसेरों में बिस्तर, कंबल, हीटर, साफ-सफाई, बिजली, पानी और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा गया है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button