
- सिंधु जल विवाद पर दी सख्त चेतावनी
- कश्मीर मुद्दे पर फिर दोहराया जिन्ना का बयान
- आतंकवाद पर पाकिस्तान का रुख स्पष्ट करने की कोशिश
इस्लामाबाद। पाकिस्तान मिलिट्री अकादमी की एक परेड के दौरान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि उनके देश को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है, जबकि पाकिस्तान ने हमेशा आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष किया है। शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान एक जिम्मेदार देश है और वह निष्पक्ष तथा स्वतंत्र जांच में सहयोग करने को तैयार है।
शरीफ ने भारत पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह कर रहा है और बिना प्रमाण के पाकिस्तान को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है।
सिंधु जल विवाद पर प्रधानमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि यदि पानी के प्रवाह को रोका गया या मोड़ने की कोशिश की गई, तो पाकिस्तान मजबूती से जवाब देगा। उन्होंने पानी को पाकिस्तान के 24 करोड़ लोगों की जीवनरेखा बताया और इसे किसी भी कीमत पर सुरक्षित रखने की बात कही।
कश्मीर मुद्दे पर बोलते हुए शरीफ ने कहा कि कश्मीर पाकिस्तान की ‘शरीयानी नस’ है, जैसा कि पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना ने कहा था। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के बावजूद आज भी यह मुद्दा अनसुलझा है और पाकिस्तान कश्मीरी जनता के आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन जारी रखेगा।
आतंकवाद पर पाकिस्तान के दृष्टिकोण को स्पष्ट करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद को हमेशा नकारा है और खुद इस त्रासदी से 90 हजार से अधिक जानें गंवाई हैं तथा 600 अरब डॉलर से ज्यादा का नुकसान झेला है।








