
ढाका में शेख हसीना के विरोधी नेता उस्मान हादी पर हमला
रिक्शे पर जाते समय बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारी
सिर में लगी गोली, हालत गंभीर, लाइफ सपोर्ट पर भर्ती
ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शुक्रवार को शेख हसीना सरकार के विरोधी नेता और इस्लामी संगठन इंकलाब मंच के प्रवक्ता उस्मान हादी पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी। इस हमले में हादी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनकी हालत नाज़ुक बताई जा रही है। घटना ऐसे समय हुई है, जब देश में आगामी आम चुनावों को लेकर सियासी माहौल गर्माया हुआ है।
रिक्शे पर जाते समय हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, उस्मान हादी ढाका से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। शुक्रवार दोपहर वे रिक्शे पर सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। हमलावरों ने बेहद करीब से गोली चलाई, जो सीधे हादी के सिर में लगी।
चुनाव की घोषणा के एक दिन बाद वारदात
गौरतलब है कि बांग्लादेश में 11 दिसंबर को चुनाव की तारीखों का ऐलान किया गया था। इसके ठीक एक दिन बाद यह हमला हुआ, जिससे राजनीतिक हिंसा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं।
अस्पताल में भर्ती, लाइफ सपोर्ट पर नेता
हमले के तुरंत बाद उस्मान हादी को ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक गोली सिर में लगने के कारण उनकी हालत बेहद गंभीर है। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए एवरकेयर अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया, जहां वे फिलहाल लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर हैं।








