अम्बेडकरनगर। जिले में कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों की धीमी प्रगति पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला की मौजूदगी में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्रदाताओं को निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रशिक्षण प्रदाताओं ने अभी तक लक्ष्य पूरा नहीं किया है, वे तय समय में प्रशिक्षण लक्ष्य पूरा करें।
लक्ष्य पूरा नहीं किया तो ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशिक्षण लक्ष्य पूरा करने में लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रशिक्षण प्रदाताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाए।
उन्होंने कौशल विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया। निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
पावरलूम और टेक्सटाइल क्षेत्र में प्रशिक्षण पर जोर
बैठक में पावरलूम और टेक्सटाइल सेक्टर में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कराने की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी रुचि और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाए। इससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकेगा।









