
- पिकअप वाहन सीज, मवेशी को पशु चिकित्सा जांच के बाद गोशाला भेजा गया
- आरोपियों पर गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
- पुलिस कर रही है तस्करों के नेटवर्क की जांच
अंबेडकरनगर। गुरुवार की रात अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पशु तस्करों को पकड़ लिया। दोनों तस्कर बेसहारा गोवंश को पिकअप पर लादकर कटान के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने पिकअप को सीज करते हुए मवेशी को मिर्जापुर स्थित पशु आश्रय केंद्र भेज दिया और आरोपितों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
पिहितीपुर तिराहे पर लगी चेकिंग में दबोचे गए तस्कर
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन एनटीपीसी क्षेत्र से अकबरपुर की ओर संदिग्ध हाल में बढ़ रहा है, जिसमें मवेशी लदे हुए हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने शहजादपुर कस्बे के पिहितीपुर तिराहे पर बैरियर लगाकर वाहन चेकिंग शुरू की। उसी दौरान एक पिकअप को रोककर जांच की गई, जिसमें एक मवेशी लदा मिला।
भागकर बच निकले थे, लेकिन पकड़े गए
पूछताछ में पकड़े गए तस्करों की पहचान आजमगढ़ जिले के अहिरौला थाना क्षेत्र के नहियापार निवासी इमरान और जौनपुर के खेतासराय के कलापुर गभियाबाजार निवासी सलमान के रूप में हुई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे गोवंश को कटान के लिए ले जा रहे थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि जब वे एनटीपीसी क्षेत्र से गुजर रहे थे, तब वहां गश्त कर रही अलीगंज पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया था, लेकिन वे बचकर भाग निकले।








