
- एसपी केशव कुमार ने परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड की ली सलामी
- जवानों को शस्त्र संचालन, अनुशासन और सतर्कता का दिया संदेश
- पीआरवी वाहनों की हेडलाइट, फर्स्ट एड किट सहित सभी उपकरणों का किया निरीक्षण
अंबेडकरनगर। शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक परेड का नेतृत्व करते हुए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने परेड की सलामी ली। सलामी के उपरांत उन्होंने पुलिस बल को दौड़ कराई और टोलीवार परेड ड्रिल का निरीक्षण कर आरक्षियों को परेड व शस्त्र अभ्यास से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने अभ्यास के दौरान जवानों को शस्त्र खोलने व जोड़ने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण देते हुए कहा कि किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार रहना आवश्यक है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सजगता और दक्षता के साथ निरंतर अभ्यास करने का संदेश दिया।
पीआरवी वाहनों की जांच, रखरखाव में लापरवाही न बरतने के निर्देश
इसके उपरांत यूपी 112 पीआरवी वाहनों का निरीक्षण कर एसपी ने वाहनों में हेड लाइट, हूटर, इंडिकेटर, फर्स्ट एड किट सहित अन्य उपकरणों की मौजूदगी की जांच की। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि सभी मानक उपकरण न केवल पूर्ण हों, बल्कि उनका रखरखाव भी समयबद्ध ढंग से किया जाए।
एसपी ने क्वार्टर गार्ड और शस्त्रागार का गहन निरीक्षण किया तथा मौजूद अधिकारियों को साफ-सफाई और सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शस्त्रागार में रखी गई सामग्री की नियमित जांच, देखरेख और रजिस्टरों का अद्यतन रखा जाना अत्यंत आवश्यक है।परेड के बाद पुलिस लाइन आदेश कक्ष में पहुंचकर एसपी ने विभिन्न प्रशासनिक रजिस्टरों व अभिलेखों की जांच की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को सभी दस्तावेज अद्यतन व सुव्यवस्थित रूप से रखने का निर्देश देते हुए रिकॉर्ड की नियमित निगरानी करने को कहा।








