
- ग्रॉस प्रॉफिट मार्जिन 70.7% तक पहुंचा
- EBITDA में 18% की कमी, मार्जिन घटकर 5.1% हुआ
- 5 दिन में शेयर में 22.66% का उछाल, मार्केट कैप 10,380 करोड़ रुपए
मुंबई। पर्सनल केयर और ब्यूटी प्रोडक्ट्स बनाने वाली होनासा कंज्यूमर लिमिटेड के शेयरों में आज जोरदार तेजी देखी गई। कंपनी के मजबूत तिमाही नतीजों के बाद इसके शेयर 16.13% चढ़कर ₹320 पर ट्रेड कर रहे हैं।
हालांकि वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 25 करोड़ रुपए रहा, जो सालाना आधार पर 18% की गिरावट है, लेकिन इसी दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 13% बढ़कर 534 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 471 करोड़ रुपए था।
ग्रॉस प्रॉफिट मार्जिन और EBITDA में उतार-चढ़ाव
कंपनी का ग्रॉस प्रॉफिट मार्जिन Q4FY25 में 70.7% दर्ज किया गया है। हालांकि EBITDA यानी अर्निंग बिफोर इंटरेस्ट, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन 18% गिरकर 27 करोड़ रुपए रहा, जबकि Q4FY24 में यह 33 करोड़ रुपए था। इसी तरह EBITDA मार्जिन भी घटकर 5.1% रह गया, जो पिछले साल 7% था।
हालिया प्रदर्शन
पिछले 5 ट्रेडिंग दिनों में होनासा का शेयर 22.66% चढ़ चुका है। एक महीने में इसने 35.62%, छह महीने में 40.86%, और इस साल 1 जनवरी से अब तक 28.08% का रिटर्न दिया है। हालांकि बीते एक साल में इसमें 23.62% की गिरावट भी आई है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप ₹10,380 करोड़ है।
ये भी पढ़ें-शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल- सेंसेक्स 900 अंक चढ़ा
कंपनी प्रोफाइल
होनासा कंज्यूमर लिमिटेड 2016 में स्थापित की गई थी और यह मामाअर्थ, द डर्मा कंपनी, एक्वालॉजिका, और आयुगा जैसे ब्रांड्स के जरिए पर्सनल केयर और ब्यूटी प्रोडक्ट्स बेचती है। इसके अलावा कंपनी ने बीब्लंट और डॉ शेठ जैसे ब्रांड्स के अधिग्रहण कर अपने पोर्टफोलियो को मजबूत किया है।
कंपनी की स्थापना गजल और वरुण अलाघ ने की थी। नए माता-पिता बनने के बाद उन्होंने अपने बच्चे के लिए टॉक्सिन-फ्री प्रोडक्ट्स बनाने के इरादे से कंपनी की शुरुआत की थी। मामाअर्थ को एशिया का पहला मेड सेफ सर्टिफाइड ब्रांड होने का गौरव प्राप्त है।








