जाम में फंसकर देर से पहुंचे छात्र, स्कूल में मिल रही सजा

सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज का मामला, अभिभावकों में नाराजगी

अंबेडकरनगर के जिला मुख्यालय स्थित सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज में ट्रैफिक जाम के कारण देर से पहुंचने वाले छात्रों को दंडित किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल देर से पहुंचने पर छात्रों की डायरी में पनिशमेंट नोट लिखा जा रहा है।

ओवरब्रिज के नीचे रोज लगता है जाम

विद्यालय ओवरब्रिज के नीचे स्थित है। सुबह करीब 7 बजे स्कूल का समय होता है। इसी समय रोडवेज बसों, ई-रिक्शा और निजी वाहनों की वजह से भीषण जाम लग जाता है। यह रास्ता रेलवे स्टेशन जाने का भी मुख्य मार्ग है। ऐसे में छात्रों को समय पर पहुंचने में परेशानी होती है।

सैकड़ों छात्र हो रहे प्रभावित

अभिभावकों के अनुसार रोजाना सैकड़ों बच्चे जाम में फंसते हैं। देरी की वजह ट्रैफिक है, लेकिन स्कूल में उन्हें सजा दी जा रही है। इससे छात्रों और अभिभावकों में असंतोष बढ़ रहा है।

व्यवस्था सुधारने की मांग

अभिभावकों ने कहा कि स्कूल प्रशासन को समस्या की जानकारी है। इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूल के बाहर गार्ड या कर्मचारी तैनात किए जाएं, जो यातायात को व्यवस्थित कर सकें।

प्रशासन पर भी सवाल

अभिभावकों ने जिला प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्कूल समय पर वहां यातायात पुलिस की मौजूदगी नहीं रहती। इससे रोजाना अव्यवस्था बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button