
- महिला हेल्प डेस्क, हवालात और सीसीटीएनएस प्रणाली की समीक्षा
- हिस्ट्रीशीटर चार्ट की अद्यतन रख-रखाव पर जोर
- थानों में फरियादियों के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित कार्यवाही के निर्देश
अम्बेडकरनगर। नवागत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेंद्र कुमार ने रविवार देर शाम जिले के टांडा कोतवाली और थाना अलीगंज का औचक निरीक्षण कर थाना प्रबंधन और अभिलेखीय व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, हवालात, सीसीटीएनएस कार्यालय और हिस्ट्रीशीटर चार्ट की स्थिति को लेकर मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडिशनल एसपी हरेंद्र कुमार शाम को अचानक टांडा कोतवाली पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी ने उन्हें थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, सीसीटीएनएस प्रणाली कक्ष और विभिन्न प्रकार के अभिलेखीय रजिस्टरों की जानकारी दी।निरीक्षण के समय क्षेत्राधिकारी टाण्डा शुभम कुमार भी उपस्थित रहे। एएसपी ने महिला हेल्प डेस्क की स्थिति, महिला कर्मचारियों की ड्यूटी, महिला संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया व त्वरित कार्यवाही की समीक्षा की।
हिस्ट्रीशीटर चार्ट व हवालात की देखी स्थिति
निरीक्षण के दौरान हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की फोटोयुक्त चार्ट को देखा गया। एएसपी ने चार्ट के अद्यतन रख-रखाव पर विशेष जोर दिया और यह सुनिश्चित करने को कहा कि सक्रिय अपराधियों की निगरानी सघन रूप से की जाए। हवालात की साफ-सफाई, बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रक्रिया की भी जांच की गई।
टांडा कोतवाली के निरीक्षण के बाद एएसपी हरेंद्र कुमार अलीगंज थाने पहुंचे, जहां थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने उनका स्वागत किया और थाने का निरीक्षण कराया। यहां भी थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, शिकायत पंजी, सीसीटीएनएस कार्य प्रणाली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के समय सीओ टाण्डा शुभम कुमार यहां भी साथ मौजूद रहे।








