
कानपुर। कानपुर में बुधवार सुबह स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। सस्पेंड चल रहे पूर्व सीएमओ डॉ. हरी दत्त नेमी कोर्ट से स्टे ऑर्डर लेकर काशीराम अस्पताल स्थित सीएमओ ऑफिस पहुंचे और सीधे सीएमओ की कुर्सी पर बैठ गए। रजिस्टर मंगवाकर अपनी उपस्थिति दर्ज की और खुद को पद पर बहाल बताया।
करीब आधे घंटे बाद मौजूदा सीएमओ डॉ. उदयनाथ भी ऑफिस पहुंचे और पूछा—“आप इस कुर्सी पर कैसे बैठ गए? उठिए।” इस पर डॉ. नेमी ने जवाब दिया, “मैं कोर्ट से स्टे लेकर आया हूं, शासन से बात कीजिए। मेरा निलंबन कानपुर से हुआ था, इसलिए यहीं वापस आया हूं।”
सीएमओ बोले—ऑर्डर नहीं मिला, मैं ही हूं जिम्मेदार अधिकारी
डॉ. उदयनाथ ने तत्काल इस विवाद की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी और कहा, “मेरे पास शासन से कोई नया आदेश नहीं आया है। अभी मैं ही कानपुर का अधिकृत सीएमओ हूं।” इसी दौरान ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई और किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। चकेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए फोर्स की तैनाती कर दी गई।
थोड़ी देर बाद एसडीएम ऋतु और एसीपी लाइन आशुतोष सिंह भी पहुंच गए और दोनों पक्षों से बात कर माहौल शांत कराया। हालांकि, विवाद के बीच चार घंटे ऑफिस में बैठने के बाद डॉ. उदयनाथ बाहर निकल आए और मीडिया से कहा, “मैं फील्ड निरीक्षण के लिए जा रहा हूं।”








