
- बेटे की तबीयत बिगड़ने पर तांत्रिक से कराया झाड़-फूंक
- इलाज के नाम पर वसूले गए कुल 10 लाख रुपये
- पत्नी के जेवर और गांव से कर्ज लेकर चुकाई गई रकम
अंबेडकरनगर। झाड़-फूंक के नाम पर इलाज का झांसा देकर एक ग्रामीण से 10 लाख रुपये ठग लिए गए। बेटे की तबीयत खराब होने पर आरोपी तांत्रिक ने झाड़-फूंक की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उल्टा बेटा रहस्यमय हालात में गायब हो गया और इलाज के अभाव में पत्नी की मौत हो गई। अब आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी है।पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अकबरपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।मामला जिले के अकबरपुर के ऊंचेगांव निवासी केशवराम का है। शिकायती पत्र में उसने बताया कि उसके बेटे की तबीयत नवंबर 2024 में खराब हुई थी। रम्मनपुर चंदनपारा गांव के रामसागर ने उसे अयोध्या के गोशाईगंज क्षेत्र के जमुनीपुर निवासी अकबाल से मिलवाया, जो खुद को तांत्रिक बताता है। अकबाल ने ऊपरी बाधा बताकर इलाज के लिए दो लाख रुपये मांगे और झाड़-फूंक शुरू कर दी। धीरे-धीरे करके पूजा-पाठ के नाम पर कुल 10 लाख रुपये वसूल लिए, जिसमें पत्नी के जेवर और गांव से लिया गया कर्ज भी शामिल है।इसके बाद दोनों आरोपियों ने बरेली स्थित मनौना धाम ले जाकर कुछ तंत्रक्रियाएं कीं। वहीं उसका बेटा रहस्यमयी तरीके से लापता हो गया। केशवराम ने तत्काल स्थानीय थाने में सूचना दी, परंतु अब तक कोई सुराग नहीं मिला। इस घटना के कुछ ही समय बाद उसकी पत्नी की हालत बिगड़ी और इलाज के अभाव में उसकी मौत हो गई।इतना ही नहीं, आरोपियों ने दावा किया कि उसके घर के नीचे तीन किलो का हीरा दबा है।








