बीरभूम, पश्चिम बंगाल। बीरभूम जिले में सोमवार सुबह एक होटल में भीषण आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के वक्त होटल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठहरे हुए थे, जो सावन सोमवार के मौके पर तारापीठ मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे।
पहली मंजिल पर लगी आग
हादसा सुबह करीब 4:30 बजे बिदिशिनी होटल में हुआ। उस समय अधिकांश लोग अपने कमरों में सो रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक होटल की पहली मंजिल पर एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।
आग तेजी से फैलने के बाद होटल में धुआं भर गया। बताया जा रहा है कि होटल का पिछला दरवाजा बंद था, जिसके चलते अंदर मौजूद लोग तुरंत बाहर नहीं निकल सके।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों का उपचार जारी है।
परिजनों ने अपनों को तलाशा
हादसे के बाद होटल पहुंचे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। एक महिला ने बताया कि वह साउथ 24 परगना से रविवार दोपहर अपनी मां और बच्चों के साथ तारापीठ दर्शन के लिए आई थीं। उनकी मां होटल के कमरा नंबर एक में थीं। महिला ने बताया कि हादसे के बाद उनकी मां और दो बच्चों का पता नहीं चल रहा है।
महिला ने बताया- होटल में भर गया था धुआं
कोलकाता की एक महिला, जो हादसे में बच गईं, ने बताया कि अचानक पूरे होटल में धुआं भर गया था। सांस लेना मुश्किल हो गया और बाहर निकलने का रास्ता ढूंढना भी काफी कठिन हो गया था।
एसी की वायरिंग में खराबी से आग का खतरा
एसी में शॉर्ट सर्किट होने पर अचानक करंट बढ़ सकता है। इससे वायरिंग का इंसुलेशन गर्म होकर जलने लगता है और तारों के संपर्क में आने से चिंगारी निकल सकती है। ऐसे हालात में आग तेजी से फैलने का खतरा रहता है।









