तेलंगाना में इलेक्ट्रिक बस की ट्रक से टक्कर, 6 की मौत

सूर्यापेट में हादसे में पांच महिलाओं समेत छह यात्रियों की मौत, 12 घायल

सूर्यापेट। तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही इलेक्ट्रिक बस ने पीछे से ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जिनमें पांच महिलाएं शामिल हैं। दुर्घटना में 12 यात्री घायल हुए हैं।

43 यात्रियों से भरी थी बस

पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर कोडाड मंडल में हुआ। दुर्घटना के समय बस में कुल 43 यात्री सवार थे।

लोहे के पिलर बने मौत की वजह

पुलिस ने बताया कि ट्रक में लोहे के भारी पिलर लदे हुए थे। बस के ट्रक से टकराने के बाद पिलर को बांधकर रखने वाली चेन टूट गई। इसके बाद कई पिलर बस की दाईं तरफ घुस गए। बस के आगे बैठे यात्रियों को इसकी चपेट में आने से गंभीर चोटें आईं और छह लोगों की मौत हो गई।

तेज रफ्तार की आशंका

पुलिस को शुरुआती जांच में हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार होने की आशंका है। यह भी जांच की जा रही है कि टक्कर से पहले ट्रक सड़क के डिवाइडर से तो नहीं टकराया था। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

दो घायलों की हालत गंभीर

हादसे में घायल 12 लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायलों का भी इलाज कराया जा रहा है।

सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया दुख

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button