
- मिरानपुर के पास गाटर की सीढ़ियों पर युवती का शव लटका मिला
- शव के पास मिले दस्तावेजों से पहचान हुई अनु राजभर के रूप में
- घटना को लेकर हत्या और आत्महत्या के बीच असमंजस
अम्बेडकरनगर।अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरानपुर के पास सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। रेलवे लाइन के नीचे बने गाटर की सीढ़ियों पर एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। शव देखे जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
रेलवे ट्रैक के पास शव देख जुटी भीड़
घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब कुछ लोग रोज की तरह रेलवे ट्रैक की ओर गए। वहां बने गाटर की सीढ़ियों पर लटकता शव देखकर उनके होश उड़ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अकबरपुर थाना पुलिस और जीआरपी ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बैग से मिले दस्तावेज, पहचान हुई अनु राजभर के रूप में
पुलिस ने शव के पास रखे एक बैग की तलाशी ली। उसमें मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान 25 वर्षीय अनु राजभर पुत्री सुरेश राजभर, निवासी कोहरा सारस्वन, थाना कादीपुर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई। दस्तावेजों में पहचान पत्र और कुछ निजी सामान मौजूद थे।
मौत को लेकर उठे कई सवाल, क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म
घटना को लेकर मिरानपुर और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं तो कुछ इसे हत्या की आशंका के रूप में देख रहे हैं। सीढ़ियों से लटकता शव और आसपास के हालातों को लेकर स्थानीय लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।








