
- कानपुर के मसवानपुर इलाके में सनसनीखेज वारदात
- 18 वर्षीय सुमित की लाश मस्जिद के पास प्लॉट में मिली
- ईंटों के नीचे दबाई गई थी लाश, सफाई के दौरान खुलासा
कानपुर। मसवानपुर इलाके में तीन दिन से लापता युवक सुमित गौतम (18) की लाश बुधवार को मस्जिद के पास एक खाली प्लॉट में ईंटों के नीचे दबी मिली। युवक के प्रेम संबंध को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रज्जन गौतम का बेटा सुमित बीती 3 अगस्त की रात एक फोन कॉल के बाद घर से निकला था। बताया जा रहा है कि फोन उसकी प्रेमिका का था, जो उसी मोहल्ले में महज पांच घर छोड़कर रहती है। सुमित मोबाइल घर पर छोड़कर गया और फिर लौटकर नहीं आया।
बुधवार को इलाके में बदबू फैलने पर लोगों ने नगर निगम से सफाई कर्मचारियों को बुलाया। जब मस्जिद के पास स्थित प्लॉट की सफाई शुरू हुई, तो ईंटों के नीचे से सुमित की लाश बरामद हुई। उसके परिवार ने शव की शिनाख्त की और आरोप लगाया कि प्रेमिका के परिजनों ने ही सुमित की हत्या की है।
परिजनों ने यह भी बताया कि 4 जुलाई को लड़की के पिता ने सुमित को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस इस मामले को ऑनर किलिंग मानते हुए गहराई से जांच कर रही है। फिलहाल, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।







