
- तमसा नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका
- दाउदपुर नसीरपुर गांव के पास शव मिलने से फैली सनसनी
- शव पर चोट के निशान, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हजपुरा (अंबेडकरनगर)। जनपद के सम्मनपुर थाना क्षेत्र स्थित तमसा नदी में एक अज्ञात युवक का शव उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोट के निशान को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पहचान और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
महिलाओं ने देखा शव, ग्रामीणों में फैली दहशत
घटना दाउदपुर नसीरपुर गांव के पास की है, जहां कुछ महिलाएं पशुओं के लिए चारा लेने नदी किनारे गई थीं। इसी दौरान उन्होंने तमसा नदी में एक शव को उतराते देखा। महिलाओं की आवाज सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
घटना की सूचना तत्काल सम्मनपुर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला।
शव की नहीं हो सकी पहचान, उम्र करीब 45 वर्ष
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। युवक ने सिर पर लाल रंग का गमछा, साथ में लोअर और शर्ट पहन रखा था। पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ की, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।








