
कार्यकर्ताओं ने यूनुस खान का पुतला जलाकर जताया आक्रोश
बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर बढ़ते हमलों का आरोप
सरकार और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से हस्तक्षेप की मांग
अम्बेडकरनगर। बांग्लादेश में हिन्दू श्रमिक दीपु दास की नृशंस हत्या के विरोध में विश्व हिंदू परिषद के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पटेल नगर तिराहे से कलक्ट्रेट तक पदमार्च किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए यूनुस खान का पुतला जलाया और बाबा साहब की प्रतिमा के पास आक्रोश प्रकट किया।
बांग्लादेश में हिन्दू समुदाय के खिलाफ बढ़ती घटनाएं
आक्रोश सभा को संबोधित करते हुए प्रान्त सत्संग प्रमुख श्याम बाबू ने कहा कि बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद हिन्दू समुदाय के खिलाफ घटनाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संगठनों और मानवाधिकार एजेंसियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। श्याम बाबू ने कहा कि बांग्लादेश सरकार की सहमति से हो रही यह निर्मम हत्याएं मानवता को शर्मशार कर रही हैं।
विश्व स्तर पर चेतावनी
उन्होंने कहा कि शांति और मानवता के लिए खतरा बन चुके ऐसे अपराधियों को जड़ से समाप्त करने के लिए विकसित देशों को एकजुट होकर कार्रवाई करनी होगी। तभी विश्व में फैल चुकी आतंकी मानसिकता को रोका जा सकता है।
हिंदू समाज को सक्रिय होने का संदेश
जिला अध्यक्ष हृदयमणि मिश्रा ने कहा कि हिन्दू समाज मौन नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। जिला मंत्री विकास मौर्या ने कहा कि बांग्लादेश में हिन्दू समाज को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन इतिहास में हिन्दू समाज कभी भी आक्रांताओं के सामने झुका नहीं।
हिन्दू विरोधी ताकतों को चेतावनी
जिला संयोजक आलोक चौरसिया ने कहा कि हिन्दू विरोधी ताकतें समाज को लोकतांत्रिक ढंग से विरोध करने से ऊपर उठने के लिए मजबूर न करें। उन्होंने चेताया कि हिन्दू समाज प्रतिकार के लिए उठे तो परिणाम गंभीर होंगे।








