
अम्बेडकर नगर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सैनिक बंधु बैठक में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों व उनके आश्रितों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पिछली बैठक से संबंधित 13 प्रार्थना पत्रों की समीक्षा की गई, जिनमें से 6 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष मामलों की प्रक्रिया प्रगति पर है। उपस्थित पूर्व सैनिकों ने कार्यवाही पर संतोष जताया।
बैठक में दिखा अधिकारियों का सक्रिय योगदान
बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अकबरपुर द्वारा की गई। इस अवसर पर स्टेशन हेडक्वार्टर अयोध्या से आए कर्नल सुनील कुमार त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता यू.पी. सिडको से जेई रूपेश, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से जेई अमर बहादुर वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में लगभग 65 पूर्व सैनिक, वीर नारियाँ एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे।
ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की स्थापना को लेकर आई बड़ी अपडेट
स्वास्थ्य सेवाओं के तहत ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की स्थापना के लिए जरूरी प्रक्रिया तेज हो गई है। स्टेशन हेडक्वार्टर अयोध्या द्वारा 1200 स्क्वायर यार्ड भूमि आवंटन हेतु जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे 24 जुलाई 2025 को अपर जिलाधिकारी (वि/रा) को कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया।
अब अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अम्बेडकर नगर और उप जिलाधिकारी अकबरपुर को निर्देशित किया गया है कि उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित कर जल्द से जल्द आवंटन की प्रक्रिया पूरी करें।
मिग-21 की स्थापना के लिए चल रही अग्रिम कार्यवाही
बैठक में शौर्य स्थल अम्बेडकर नगर में मिग-21 लड़ाकू विमान की स्थापना को लेकर भी जानकारी साझा की गई। बताया गया कि इस परियोजना को लेकर अग्रिम स्तर पर कार्यवाही चल रही है। इससे जिले को गौरवशाली सैन्य इतिहास से जोड़ने में मदद मिलेगी।








